Monday, 1 August 2011

चोर मन........



क्यूँ दिन-रात जला करता है
ये मन मेरा
शायद
_______

तुझ में जलते सूरज की तपिश
वो चुरा लाया है
चोर जो ठहरा
ये कमबख्त - मन मेरा_______

गुंजन
२/८/११

Thursday, 28 July 2011

यादों के सीले दरख़्त......



यादों के पन्ने अक्सर सील जाते हैं
नमी जो बहुत गहरे तक उतर जाती है
शायद इसलिए भी
______

बारिश में अक्सर हर सुखी चीज़ भी सील जाती है
फिर ये तो मन है
जो हमेशा ही भीगा रहता है
सिली हुई यादों के दरख्तों से

खिलती कलियों से लेकर
धरती में धंसी गहरी जड़ों तक.......

गुंजन
२८/७/११

भीगी-सी इक तस्वीर.......



पहली बार जब तुम्हारी तस्वीर खिंची थी.........
मैंने अपनी diary के पन्ने में
तब पन्नों के साथ-साथ
रूह में भी उतर आई थी वो
पता नहीं क्यूँ ....?

रंग तो कभी भर ही नहीं पाई उसमें
क्या कच्चे...... क्या गीले........
_________

बस देखती ही रही थी तुम्हें
इन रंग उड़ी उदास काली आँखों से
उस फीके से चाँद की रौशनी में
हाँ तुम्हारे माथे पर गिरते बालों को ज़रूर संवारा था
मैंने अपनी pencil की नोक से
पर उसी पल चूम भी लिया था तुम्हारी पेशानी को
कि कहीं चुभ न गयी हो......वो कमबख्त नुक

भीगे होठों का गीलापन उभर आया था
तुम्हारे उस चार ऊँगल चौड़े माथे पर
जो आज तक उभरा हुआ है मेरी diary के पन्नों में भी
_________

जो इत्तेफाकन कहीं मिल जाओ
तो दिखाउंगी तुम्हें
पर नहीं....अब तक तो वो भीगे-से पन्ने सील भी गए होंगे
बहुत वक़्त भी तो बीत गया न........

गुंजन
२८/७/११

Wednesday, 27 July 2011

इतिफाक.......




ढूंड रही थी किसी और को
यूँ ही बे-इरादतन -
औ रास्ते में मिल गए आप
एक खुबसूरत से इतिफाक के साथ........

गुंजन

मौजें.....



दिल की मौजें
क्या किसी समंदर में उठती
मौजों से कम होती हैं
_________

ये तो दर्द का वो दरिया होता है
जिसमें न डूबते बनता है,
न उबरते

सलाम ....सलाम ....सलाम .....
दिल की इन खुबसूरत,
बेहतरीन, बेहिसाब मौजों को
'गुंजन' का सलाम .....

गुंजन
२६/७/११

अब कहते हो ...... शायद



शायद ....शायद......शायद
शायद तो होता है बहुत कुछ

सब अपने मन से ही सोच लिया तुमने
कभी तो
जानने की कोशिश करते तुम
कि मेरी दुनिया
तुम से ही शुरू होती थी
और तुम ही पर ख़त्म भी
__________

कभी देखा तो होता
कभी जाना तो होता
मैं - मेरा वज़ूद
सब तुमसे ही था
________

मैं वो दुनिया देखना चाहती थी
जो तुम्हारी आँखों से नूर बनके बरसती थी
जो तुम्हारे आंगन में लगे तुलसी के चौरे पर
साँझ-सवेरे दिया बन जलती थी
जो तुम्हारे आस-पास बिखरे पानी में
कतरा-कतरा बन ठहरती थी
जो तुम्हारे होठों से लगी cigratte से
धुआं-धुआं बन उड़ जाती थी

जो तुमसे होकर मुझ तक पहुंचती थी

पर तुमने कभी वो सब दिखाया ही नहीं
अपना वो मानिंद हक़ जताया ही नहीं
और अब कहते हो कि शायद.......


गुंजन
२५/७/११

सज़दा........



सज़दे में जो उसके सर झुकाती हूँ
तो तेरे दर पर वो झुक जाता है
जो नज़रों में उसको भरती हूँ
तो तू अश्कों में ढल जाता है
जो हाथों से उसको छूती हूँ
तो तेरे वज़ूद में वो समा जाता है
_________

अब इसमें मेरी क्या ख़ता है - ए दोस्त
जब मुझे तुझ में ही अपना
माशुके-ख़ुदा नज़र आता है______

गुंजन
२५/७/११